Showing posts with label मस्त. Show all posts
Showing posts with label मस्त. Show all posts

Sunday, October 23, 2016

दोषारोपण {एक मानसिक बीमारी}

आमतौर पर यह मानवीय  स्वभाव है कि उससे  कोई कार्य बिगड़ जाए या कोई गलती हो जाए तो वह उस कार्य को ठीक करने या  सुधारने के विषय में ना विचार कर वरन  तुरंत बिगड़े कार्य का दोष दूसरों पर मढ़ देता है यहां तक कि दोषारोपण करने में वह ईश्वर को भी नहीं बख्शता  तुरंत ईश्वर को और अपने भाग्य को कोसने लगता है या अपना दोष दूसरे व्यक्ति पर मढ़ने कि कोशिश करने लगता है
अक्सर देखने में आता है कि कुछ व्यक्ति अपने दोष को दूसरों पर डाल कर खुद की नज़रों में व अंतरात्मा में दोषमुक्त होकर ऊंचा उठने का प्रयास करते हैं लेकिन  वह यह भूल जाते हैं कि-----
“ स्वयं  को समझदार समझो लेकिन दूसरों को मूर्ख समझने की  मूर्खता कभी नहीं करनी चाहिए|”
यदि सामने वाला व्यक्ति समझदार हुआ तो उसकी नजरों में दोषारोपण करने वाले की क्या स्थिति होगी? इस बात पर अमूमन हम विचार ही नहीं करते हैं| रिश्ता कितना भी प्रगाढ़ हो, दोषारोपण करने कि आदत के चलते आपसी  रिश्ते पल भर में कभी न भरने वाली दरार और फासले पैदा कर देते हैं| भले ही सामने वाला व्यक्ति  तर्क-वितर्क न करे या  सफाई पेश ना करें लेकिन सत्यता को समझते ही  अपने दिलो दिमाग से वह उस व्यक्ति से  हमेशा के लिए दूरी बना लेता है परंतु इस बात से अंजान व  अज्ञानता के कारण दोषारोपण करने वाला खुद को दोषमुक्त साबित करके  स्वयं की नजरों में ऊंचा उठा मानने लगता है|
जबकि इससे इतर , यदि योग्य, प्रतिभावान व श्रेष्ठ व्यक्ति से कोई गलती हो जाती है तो वह दूसरों में दोष ना देखते हुए खुद के अंदर झांकने का प्रयास करता है और यही आत्म विश्लेषण की प्रवृत्ति उसे आत्म सुधार की ओर अग्रसर करती है  अपने इसी गुण के कारण वह व्यक्ति   श्रेष्ठ, प्रतिभाशाली व योग्य कहलाता है अन्य व्यक्तियों की अपेक्षा| कुछ व्यक्तियों का तो कार्य ही यही होता है कि अपने दोषों से अनजान रहकर दूसरों के ही दोष व  कमियां निकालना…….
कबीर दास जी ने कहा है कि----
“ दोष पराए देख के, चले हसंत हसंत
अपने याद न आवई, जाको आदि ना अंत”
याद रखें की योग्यता दूसरों में कमियां ढूंढने से नहीं बल्कि स्वयं के दोषों को समझ कर उन्हें दूर करने  से आती है |
व्यक्ति को अंतर्मुखी होना चाहिए ।अंतर्मुखी मतलब अपने भीतर झांकना जो व्यक्ति बाहर कि ओर झाँकने वाले होते हैं उनके सुख व ख़ुशी के भाव  क्षणिक व अस्थाई होते हैं ।अपने अन्दर झाँकने वाले व्यक्ति आत्मजाग्रत व आत्मसुधारक होते हैं।


अपनों के लिए शेयर अवश्य करें|

Saturday, October 15, 2016

बोरियत एक अभिशाप

जब मन में रचनात्मकता और नवीनता का अभाव होता है तो एक ही तौर- तरीके का काम करते हुये मन मैं उबाऊपन आ जाता है । हालांकि  कुछ लोगों का इसमें भी मन लगता है । और वे एक ही तरह के  कार्यों को  बिना शिकायत किए  लंबे अरसे तक करते रहते हैं लेकिन जब भी उनके कार्य को छुड़वा कर उन्हें नया  करने को देते हैं तो वह आनाकानी करने लगते हैं।
बोरियत आखिर है क्या?
दरअसल बोरियत भावनाओं का ऐसा खालीपन है जिसमें किसी कार्य में  कोई उत्साह कोई उमंग नजर नहीं आता ।   बोरियत के साथ शायद ही कोई पसंद करता हो ?क्योंकि इसमें कोई रचनात्मकता, कोई नवीनता नहीं होती है ।एक ही कार्य को बार-बार करने से बोरियत होती है कभी-कभी एक ही  ढ़र्रे में चलने वाली हमारी जीवन  शैली   ही हमारी बोरियत का कारण  बन जाती है ।
बोरियत भरी जिंदगी से बाहर निकलना बहुत जरूरी है और बोरियत भरी जिंदगी से बाहर निकलने के लिए जरूरी है कि हम अपने हर कार्य में रचनात्मकता लाएं , नवीनता लाएं।
अपने कार्य को मन लगाकर करें।
दूसरा तरीका बोरियत को कम करने का है जिस  कार्य को करने से बोरियत हो रही है उसे और ज्यादा समय  तक करें ज्यादा समय तक उसी कार्य को करने से भी  बोरियत से निजात मिल जाती है।
अपने अंदर सुप्तावस्था मैं पड़ी क्रियाशीलता व रचनात्मकता को जगाने के लिए हमें योगा व ध्यान का सहारा लेना चाहिए। कहा जाता  है कि “व्यस्त रहें, मस्त रहें"
बोरियत हमें निष्क्रिय कर  देती है, मानसिक रूप से अपंग कर देती है इससे छुटकारा हमें सिर्फ और सिर्फ सक्रियता ही   दिला सकती है इसलिए खाली नहीं बैठना चाहिए। अपने हर कार्य में नवीनता लाएं और अधिक रचनात्मकता  लाएं ताकि  जीवन को उमंग, उत्साह और विभिन्न रंगों से भर सकें। 


अपनों की जानकारी के लिए शेयर अवश्य करें|