Showing posts with label आविष्कार. Show all posts
Showing posts with label आविष्कार. Show all posts

Friday, January 20, 2017

अज्ञानता अभिशाप है जानकारी वरदान

अज्ञानी होना उतनी शर्म की बात नहीं है जितना कि सीखने की या जानने की इच्छा ना रखना।
एच. होम--- “अज्ञान भय की जननी है |”
“सीखना, रचनात्मकता को जन्म देता है| रचनात्मकता विचारों की ओर ले जाती है| विचार आपको ज्ञान देता है| ज्ञान आपको महान बना देता है|”----- अब्दुल कलाम
“अज्ञान के सिवाय कोई पाप नहीं”---- ऑस्कर वाइल्ड
जीवन में किसी भी काम को करने के लिए उसके बारे में सही जानकारी होना बेहद जरूरी है ।अधूरे,या अपर्याप्त ज्ञान से किया गया कार्य सफल नहीं हो पाता है क्योंकि अज्ञानता हमारी राह का रोड़ा बनता है,परेशानी का सबब बनता है जबकि किसी भी विषय के बारे में सही जानकारी हो तो सही और गलत में अंतर समझना आसान हो जाता है| कुछ लोग साक्षर होते हुए भी जानबूझकर अज्ञानता के आगोश में जीना चाहते हैं क्योंकि उनके अंदर कुछ नया सीखने की कुछ रोचक करने की इच्छा ही नहीं होती है |कुछ झूठे दंभ के चलते किताबी ज्ञान को रटकर डिग्रियां हासिल कर सोचते हैं कि उन्हें सब ज्ञान हैं ,हर चीज़ की जानकारी है ,कुछ भी अछूता नहीं है जबकि यह सही नहीं है| ज्ञान सीमित होता है, वह विशाल हो सकता है इसके बावजूद भी सीमित होता है| अस्तित्व में सबसे विशाल दायरा अज्ञानता का है, जोकि  अंधकार है ।
महात्मा गांधी ने कहा था ,”करोड़ों लोगों का निरक्षर रहना भारतवर्ष के लिए कलंक और अभिशाप है इससे मुक्ति पानी ही होगी।”
बौद्धिक स्तर पर तो सभी यह स्वीकार करते हैं कि शिक्षा विकास की अनिवार्य शर्त है और  साक्षरता शिक्षा का पहला पायदान| भारत गाँवों का देश है और निरक्षरता,अज्ञानता भारत के गाँवों की  प्रमुख समस्या और इसी समस्या से अन्य तमाम समस्याएं उत्पन्न होती हैं मसलन जनसंख्या वृद्धि, बेरोजगारी ,गंदगी ,बीमारी ,महामारी, प्रदूषण, तनाव इत्यादि। निरक्षरता के अभिशाप से  ग्रसित गरीब अज्ञानता रूपी अंधकार में दिशाहीन भटक रहे हैं।वास्तव में वे सामाजिक,आर्थिक व राजनीतिक शोषण के शिकार हैं।विकास के जो भी कार्यक्रम चलाये जाते हैं वो उन तक पहुँच ही नहीं पाते हैं क्योंकि उन्हें सरकारी योजनाओं की और अपने अधिकारों की कोई जानकारी ही नहीं होती है।तब व्यक्ति का व राष्ट्र का विकास कैसे हो?
अत: प्रश्न उठता है कि इस कदर अज्ञानता की नींव पर खड़े देश का विकास कैसे संभव है??
अज्ञानता से कभी किसी भी समस्या का समाधान संभव नहीं है बल्कि अज्ञानता विपत्तियों का मूल है।साक्षर होने के बावज़ूद भी हम सिर्फ अपने से सम्बंधित बातों पर ही ध्यान केंद्रित करते हैं ।हमारे आसपास या देश- दुनिया में क्या हो रहा है? उससे हमें कोई सरोकार ही नहीं होता है।अंततः अंजाम, जानकारी के अभाव के चलते हम कई ऐसे फैसले या कार्य कर चुके होते हैं जिसकी कीमत हमें लंबे अर्से तक चुकानी पड़ती है।

अत: बेहतर है कि समय रहते ही हम आधुनिक समाज में अपनी पाँचों इन्द्रियों को सज़ग रखें, खुला रखें व उनका उपयुक्त इस्तेमाल करें जिससे कि वक़्त गुज़रने के बाद हम खुद को ठगा महसूस न करें। समय-समय पर हमारी छठवीं इंद्री भी हमें संकेत देती है लेकिन अज्ञानता वश हम उसका संकेत समझ ही नही पाते हैं कारण संकुचित सोच, विचार और अज्ञानता।कोई भी अपने स्वार्थ के लिए हमें इस्तेमाल न कर सके,शोषण न कर सके,और इसके लिए अत्यावश्यक है कि हम अपने ज्ञान का दायरा विस्तृत करें,जितना ज़्यादा से ज़्यादा संभव हो सके।
क्योंकि अज्ञानता से बड़ा कोई अभिशाप नहीं है और जानकारी से बड़ा कोई वरदान नहीं है।


अपनों के लिए शेयर अवश्य करे|

Monday, November 28, 2016

अकेलापन, अभिशाप नहीं

 “अकेला व्यक्ति कमजोर नहीं होता है बल्कि शक्तिशाली होता है”-- स्वामी विवेकानंद
“वह कभी अकेले नहीं होते, जिनके पास आदर्श विचार हैं” -- फिलिप सिडनी
व्यक्ति के अंदर नए विचार व आविष्कार की धारणाएं अकेलेपन में ही पैदा होती हैं| दरअसल अकेलापन और कुछ नहीं एक सोच है, महज़ एक भाव है व्यक्ति के मन का | जब हम स्वयं को महत्वहीन समझने लगते हैं और निष्क्रिय हो जाते हैं तब हम अकेलापन महसूस करते हैं| यह जरूरी नहीं है कि व्यक्ति अकेला होता है तभी अकेलापन महसूस करता है| कई बार बहुत सारे लोगों के बीच होते हुए भी, अपनों के होते हुए भी हम खुद को अकेला महसूस करने लगते हैं| जब हमें जरूरत के समय किसी से सहारा नहीं मिलता या कोई हमारी मन:स्थिति को समझने वाला नहीं मिलता, हमारे जज्बातों  को समझने वाला नहीं मिलता तब व्यक्ति अकेलापन महसूस करता है |
कई लोगों के बीच होते हुए भी व्यक्ति खुश ना रहे लेकिन उस व्यक्ति को अकेला रहना भी पसंद ना हो यही अकेलापन कहलाता है कि सबके  साथ होकर भी वह खुद को अकेला समझे और दूसरी तरफ जब व्यक्ति अपनी इच्छा से अकेले रहना चाहता है सिर्फ अपने साथ तो इसका मतलब है कि व्यक्ति एकांत चाहता  है और वह व्यक्ति एकांत में अकेले रह कर भी खुश है, संतुष्ट है क्योंकि वह व्यक्ति एकांत में स्वयं को प्रसन्नचित, आनंदित, सकारात्मक सोच,  सक्रियता, भावनात्मक व मानसिक रुप से तरोताजा महसूस करता है|
अकेलापन आखिर किन कारणों से प्रकाश में आता है---??
सृष्टि के  प्रत्येक प्राणी में  आचार-विचार,स्वभाव, सोच भिन्न-भिन्न होने के कारण अकेलेपन के कारण भी भिन्न-भिन्न हो सकते हैं? मसलन घर का माहौल, स्वयं से कोई गलती या अपराध हो जाना, पति-पत्नी की आपसी सोच व विचारधारा ना मिलना, मनमाफिक रोजगार ना मिलना, किसी बात का अहंकार होना, लगातार असफलताएं मिलना, परिवार में वैचारिक मतभेद होना, किसी के द्वारा विश्वासघात या धोखा देना...वगैरह -वगैरह |
अतः प्रश्न उठता है कि  अकेलेपन से निजात कैसे पाई जाए……?
अकेलेपन का मतलब कई व्यक्तियों के साथ का ना होना नहीं है बल्कि लोगों के साथ रहते हुए भी भावनात्मक लगाव, अपनेपन के  एहसास का ना होना है|
सबसे पहले व्यक्ति को अपने अकेलेपन का कारण ढूंढकर, फिर उसे समझ कर उसका यथासंभव निवारण करना चाहिए-----
सकारात्मक सोच अपनाएं|
कुछ नया करने का प्रयास करें|
अहंकार को स्वयं से दूर रखें|
संगीत सुनें, नृत्य करें, बागवानी करें, लेखन की आदत डालें, नई नई जगह घूमने जाएं, फोटोग्राफी करें, ज्ञानवर्धक पुस्तकें पढ़ें , कुकिंग करें या जो भी आपको रुचिकर लगे उसको बेहतर तरीके से अंजाम देने का प्रयास करें|
सृष्टि की हर एक चीज में खूबसूरती देखने की कला को विकसित करें क्योंकि प्रकृति की सभी चीजों में कुछ ना कुछ अद्भुत है, यदि आप हर चीज को  गहराई से  देखेंगे तो आप हर एक चीज को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे |
कमजोर व्यक्ति तो  अपने दम पर किसी भी कार्य को करने की हिम्मत ही नहीं जुटा पाता है इसके इतर साहसी व्यक्ति उसी काम को अकेले दम पर करने का साहस करता है|
स्मरण रखें…. विश्व एक व्यायामशाला है, जहां हम खुद को मजबूत बनाने के लिए आते हैं|
रविंद्रनाथ टैगोर जी ने  नारा दिया है-- “एकला चलो”
“स्वतंत्र होने का साहस करो, जहां तक तुम्हारे विचार जाते हैं वहां तक जाने का साहस करो और उन्हें अपने जीवन में उतारने का साहस करो”--स्वामी विवेकानंद
“शक्ति जीवन है, निर्बलता मृत्यु है| विस्तार जीवन है, संकुचन मृत्यु है| प्रेम जीवन है, द्वेष मृत्यु है|
खुद को कमजोर समझना सबसे बड़ा पाप है”-- विवेकानंद जी
“ जो अकेले चलते हैं,वे शीघ्रता से आगे बढ़ते हैं”-- नेपोलियन
अगर पाना है मंजिल तो अपना रहनुमा खुद बनो,वे अक्सर भटक जाते हैं जिन्हें सहारा मिल जाता है|
अतः हमेशा सोचें --कि  आज अच्छा था, आज मजेदार था, कल एक और बेहतर, खूबसूरत, आनंददायक दिन होगा फिर देखिए अकेलेपन की भावना आपसे कोसों दूर नजर आएगी और आप स्वयं को शक्तिशाली महसूस करेंगे|

अपनों के लिए शेयर अवश्य करे|